पलवल में तेंदुए की दहशत से  किसानाें ने खेत में जाना किया बंद

पलवल, 9 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के अलग-अलग गांवाें के जंगलों में तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। जिले के बड़े गांव अलावलपुर और सदरपुर में रात को ग्रामीणों द्वारा तेंदुए को देखे जाने के बाद से स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो गई है। खेतों में मृत जानवरों की हड्डियों की बरामदगी ने ग्रामीणों की चिंता को और बढ़ा दिया है। जिस वजह से किसान खेतों में जाना बंद कर दिया है।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने मौके से जानवर के पंजों के निशान के नमूने एकत्र किए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपने खेतों में जाना बंद कर दिया है, जो उनकी आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।

वन विभाग के अधिकारी कृष्ण कुमार ने रविवार काे वर्तमान स्थिति के बारे में बताया कि विभागीय टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। चिंता का विषय यह है कि पिछले एक महीने से जिले के विभिन्न गांवों में तेंदुए की उपस्थिति दर्ज की जा रही है, लेकिन विभाग अभी तक इसे पकड़ने में सफल नहीं हो पाया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

   

सम्बंधित खबर