पहली महिला महापौर डॉ. ओमकुमारी गहलोत का निधन : शव यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
- Admin Admin
- Mar 04, 2025

जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। नगर निगम बनने के बाद पहली महिला महापौर बनने वाली डॉ. ओमकुमारी गहलोत का सोमवार रात करीब 11.30 बजे निधन हो गया। वे 88 वर्ष की थीं। उन्होंने सोजती गेट बेरियां मोहल्ला स्थित आवास पर आखिरी सांस ली। मंगलवार को उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
पूर्व महापौर डॉ. ओम कुमारी गहलोत लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थी। कुछ समय पहले वे एम्स में भी भर्ती रही। गहलोत जोधपुर की प्रथम महिला महापौर रहीं। वे 2004 से 2009 तक महापौर रहीं। इससे पहले वह शिक्षा विभाग में असिस्टेंट डिप्टी डायरेक्टर के पद से रिटायर्ड हुई थीं। डॉ. ओम कुमारी सहजता और विनम्रता के लिए जानी जाती थीं। उनका नाम कभी भी विवाद में नहीं रहा। उनके कार्यकाल में ही जोधपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बने नगर निगम के खुद के नए भवन में कार्यालय शिफ्ट हुआ था। सुबह सोजती गेट बेरिया क्षेत्र स्थित उनके पैतृक निवास स्थान से अंतिम यात्रा रवाना हुई। महामंदिर स्थित माली समाज के स्वर्गाश्रम रामबाग में अंतिम संस्कार किया गया। इसमें समाज के साथ कांग्रेस व भाजपा के जनप्रतिनिधि और परिजन मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए ओम कुमारी गहलोत को श्रद्धांजलि दी है। गहलोत ने लिखा कि जोधपुर की प्रथम महिला महापौर डॉ ओम कुमारी गहलोत का निधन बेहद दुखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश