रेवंत रेड्डी के बयान पर पूर्व मंत्री का हमला, कहा : कांग्रेस फैला रही क्षेत्रीय विभाजन की राजनीति

रेवंत रेड्डी के बयान पर पूर्व मंत्री का हमला, कहा : कांग्रेस फैला रही क्षेत्रीय विभाजन की राजनीति


जम्मू, 08 जून । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बाली भगत ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के हालिया बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस पर क्षेत्रीय विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत की उपेक्षा और उत्तर भारतीय नेताओं के प्रभुत्व संबंधी टिप्पणियां न केवल भ्रामक हैं बल्कि देश की एकता और अखंडता के लिए भी नुकसानदायक हैं। बाली भगत ने कहा कि कांग्रेस जब भी राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ती है तब वह लोगों को बांटने की राजनीति का सहारा लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जनता को गुमराह करने में विफल रहने के बाद अब कांग्रेस उत्तर-दक्षिण विभाजन का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत के संवैधानिक पद किसी क्षेत्र विशेष के लिए आरक्षित नहीं हैं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करती है। भगत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ओडिशा से हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात से आते हैं जो रेवंत रेड्डी के दावों को निराधार साबित करता है। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा जाति, भाषा, क्षेत्र और तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नारा भले ही ‘भारत जोड़ो’ हो लेकिन उसकी राजनीति ‘भारत तोड़ो’ की मानसिकता को दर्शाती है।

बाली भगत ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित है और देश का प्रत्येक क्षेत्र, भाषा तथा समुदाय राष्ट्र निर्माण में समान भागीदार है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से रेवंत रेड्डी के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे बयानों को प्रोत्साहन देना राष्ट्रीय एकता के लिए घातक है। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि देश की जनता विभाजनकारी राजनीति को बार-बार नकार चुकी है और भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

   

सम्बंधित खबर