जमीन दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, पूर्व मंत्री के भाई सामिउर रहमान गिरफ्तार

मालदा, 23 जून (हि. स.)। जिले के हरिश्चंद्रपुर में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मंत्री ताजमुल हुसैन के भाई सामिउर रहमान को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हरिश्चंद्रपुर थाने की पुलिस ने शिकायत के आधार पर की।

आरोप है कि सामिउर रहमान ने एक स्थानीय निवासी से जमीन दिलाने का झांसा देकर कुल दो लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। लंबे समय से उनके खिलाफ वसूली, जमीन कब्जा और दबंगई के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन प्रभाव के चलते अब तक उन पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी।

शिकायतकर्ता एकरामुल हक के अनुसार, वर्ष 2023 में रहमान ने उन्हें जमीन दिलाने का वादा किया था। इसके बदले पहले डप लाख रुपये और बाद में पार्टी फंड के नाम पर 30 हजार रुपये लिए गए। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने बताया कि सरकार बदलने के बाद उनका डर खत्म हुआ और उन्होंने हिम्मत कर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पाकर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा ने इसे ‘परिवर्तन’ का असर बताते हुए कहा कि अब राज्य में कानून का राज स्थापित हो रहा है। अब भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। पार्टी किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करती है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर इस ठगी के मामले में और किन लोगों की संलिप्तता है, इसकी जांच कर रही है।

   

सम्बंधित खबर