सुशासन तिहार में 465 करोड़ रूपये के 102 विकास कार्यों का सीएम विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
- DSS Admin
- May 17, 2026

धमतरी, 17 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार में रविवार को धमतरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 465 करोड़ के 102 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में 423 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक लागत के 52 कार्यों का भूमिपूजन तथा 41 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने धमतरी शहर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए अंबेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण, शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए इंटेकवेल निर्माण तथा रानी दुर्गावती चौक (लक्ष्मीनिवास) से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा कुरूद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन के लिए डेढ़ करोड़ रुपये तथा पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है। गांव-गांव में क्लस्टरवार शिविर लगाकर मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने आगामी समय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे लोग घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और सुशासन तिहार की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक 9 हजार 350 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 5 हजार 333 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया तथा आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी, तपेदिक मरीजों को फूड किट, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं अन्य सामग्रियों का वितरण किया। इस दौरान ड्रीम कॉरिडोर वीडियो और ‘मां अभियान’ की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चन्द्राकर, विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

