जिम के जरिए अवैध धर्मांतरण प्रकरण में 10 आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई
- DSS Admin
- May 19, 2026
मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में जिम के माध्यम से कथित अवैध धर्मांतरण और युवतियों को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक थाना कोतवाली देहात पर पूर्व में दर्ज दो मुकदमों की विवेचना के दौरान गंभीर तथ्य सामने आए थे। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट तथा उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग लीडर इमरान खान अपने साथियों के साथ मिलकर जिम में ट्रेनिंग के बहाने युवतियों को जाल में फंसाता था। आरोप है कि युवतियों को बहला-फुसलाकर उनसे संबंध बनाए जाते थे और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। साथ ही जबरन रुपये वसूली और धर्म परिवर्तन कराने के आरोप भी लगाए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्र की जांच के आधार पर थाना कोतवाली देहात में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपितों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।
---------------

