गुवाहाटी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। असम में चिकित्सा शिक्षा को नई गति देते हुए भारत सरकार ने प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज, गुवाहाटी में 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कॉलेज में अब कुल 100 सीटें उपलब्ध होंगी। यह मंजूरी शैक्षणिक सत्र 2025-26 से प्रभावी होगी।
इस नए विस्तार के साथ असम में एमबीबीएस की कुल सीटों की संख्या बढ़कर 1,825 हो गई है। इससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने इस निर्णय के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम असम को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाने के हमारे संकल्प की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



