गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर मार्ग धंसा, ट्रैफिक डायवर्ट

गुरुग्राम, 07 जुलाई (हि.स.)। मंगलवार को हुई तेज बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर दिल्ली से जयपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क धंस गई। गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तत्काल रूट डायवर्जन लागू किए हैं।

नरसिंहपुर के पास एनएच-48 का दिल्ली से जयपुर जाने वाला लेन धंसने के कारण इस रूट पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। नगर निगम व अन्य विभागों ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया लेकिन यातायात पुलिस ने ट्रैफिक को हाइवे से दूसरे रास्ते पर डायवर्ट कर दिया।

दिल्ली की ओर से जयपुर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक से सोहना रोड की तरफ मुड़कर वाटिका चौक से एसपीआर रोड का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। एसपीआर रोड से वाहन सीधे जयपुर हाइवे पर चढ़ सकते हैं। इसी तरह हीरो होंडा चौक तक पहुंचे वाहन सुभाष चौक की तरफ मुड़कर आगे उसी रास्ते सोहना रोड पर वाटिका चौक से एसपीआर रोड जा सकते हैं। दिल्ली से द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करते हुए वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।

सड़क धंसने की सूचना के साथ पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक डायवर्जन वाले रास्तों का ही इस्तेमाल करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। सड़क की मरम्मत पूरी होने तक यह डायवर्जन लागू रहेगा। अपडेट के लिए यातायात पुलिस के सोशल मीडिया पेज और हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।

------

   

सम्बंधित खबर