जींद : ग्रामीण विकास हरियाणा सरकार की पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता : कृष्ण बेदी

भवन का शिलान्यास करते हुए मंत्री बेदी।


जींद, 27 जून । हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि ग्रामीण विकास हरियाणा सरकार की पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहरों की तर्ज पर ग्रामीण अंचल का भी विकास किया जा रहा है और प्रगति का पहिया नरवाना क्षेत्र में भी तेजी से घूम रहा है। आने वाले समय में यह इलाका तरक्की का बड़ा हब बनेगा।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को गांव फरैण कलां में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पंचायती राज विभाग के तहत बनने वाले ग्राम सचिवालय का शिलान्यास किया। इस ग्राम सचिवालय पर लगभग 88 लाख 25 हजार रुपये की लागत आएगी और इसके बनने से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर पंचायत संबंधी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होगीं। साथ ही पंचायती राज विभाग द्वारा लगभग 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो नई गलियों का उद्घाटन किया। कैबिनेट मंत्री द्वारा पशुपालन विभाग के अंतर्गत करीब 31 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय पशु औषधालय का शिलान्यास भी किया गया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गांवों में बेहतर सड़कें, पक्की गलियां और मजबूत आधारभूत ढांचा ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाते हैं तथा विकास की गति को तेज करते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और विश्वास हरियाणा सरकार की कार्यशैली के चार प्रमुख स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रदेश के चहुंमुखी विकास को अमलीजामा पहनाने के लिए सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार किया जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर