पश्चिम अफ्रीकी देश घाना में मूसलाधार बारिश से बाढ़ का कहर, 12 लोगों की मौत
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
अकरा, 30 जून (हि.स.)। पश्चिम अफ्रीकी देश घाना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ में 12 लोगों की मौत हो गई है। सबसे अधिक प्रभावित राजधानी अकरा रही, जहां राहत एवं बचाव अभियान अब भी जारी है।
घाना राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं, आठ पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। अब तक 470 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने बताया कि प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार केवल अकरा में लगभग 140 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो पिछले कई वर्षों में एक दिन में हुई सबसे अधिक वर्षा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में एक दिन में अधिकतम लगभग 56 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। महामा ने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों के कारण इस बार असामान्य रूप से भारी वर्षा हुई, जिस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।
सरकार ने बाढ़ राहत कार्यों के लिए 30 करोड़ सेडी (लगभग 2.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर) जारी करने की घोषणा की है। इसके साथ ही राष्ट्रपति महामा ने घाना की सेना और पुलिस को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संगठन (एनएडीएमओ) तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच, पड़ोसी देश आइवरी कोस्ट भी भारी बारिश से प्रभावित हुआ है। वहां की सरकार ने अभी आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या जारी नहीं की है, हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या लगभग 20 हो सकती है।
----------------------

