होशियारपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: लकड़ियों से लदी ट्रॉली से टकराई बाइक, युवक की मौत
- Neha Gupta
- Nov 22, 2026
होशियारपुर के अंतर्गत आते टांडा उड़मुड़ के गांव पंडोरी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क पर खड़ी लकड़ियों से लदी ट्रॉली से एक मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में गांव रामपुर के रहने वाले एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान हरमन सिंह के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से ट्रॉली के मालिक की तलाश की जा रही है। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लकड़ियों से भरी यह ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी और इसके पीछे न तो कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था और न ही रिफ्लेक्टर मौजूद था। पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि रात के अंधेरे में मोटरसाइकिल सवार युवक को सड़क पर खड़ी ट्रॉली दिखाई नहीं दी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
टांडा की तरफ से घर लौट रहा था युवक
बताया जा रहा है कि हरमन सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर टांडा की तरफ से अपने घर लौट रहा था। जब वह गांव पंडोरी के पास पहुंचा तो उसकी बाइक सड़क पर खड़ी लकड़ियों से भरी ट्रॉली के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत उसकी मदद की और उसे अपनी गाड़ी में डालकर सरकारी अस्पताल टांडा पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रॉली के मालिक की तलाश जारी है।

