खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, कोटा में ट्रक से टकराई कार; 9 की मौत, 8 गंभीर घायल

राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर खाटू श्याम जी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे एक परिवार की तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इस दर्दनाक हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक समेत 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास रात करीब 1 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। घायलों को तुरंत कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

 

एक ही परिवार के 16 लोग क्रूजर में थे सवार

 

पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के रहने वाले थे और खाटू श्याम जी के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह क्रूजर चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।

 

वहीं, पीड़ित परिवार के सदस्य प्रदीप ने बताया कि कुल 36 रिश्तेदार तीन अलग-अलग गाड़ियों में महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान क्रूजर हादसे का शिकार हो गई। इस गाड़ी में एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे।

 

हादसे में उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सानवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), झानवी (13) और माधवी की दर्दनाक मौत हो गई।

 

ट्रक चालक ने सुनाई हादसे की पूरी कहानी

 

इस हादसे में ट्रक चालक हारून (43), जो मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला है, भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हारून के मुताबिक, ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था और वह उससे कुछ दूरी पर खड़े होकर जांच कर रहा था।

 

इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर पहले उससे टकराई और फिर सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हारून उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा। करीब 10 मिनट बाद जब उसे होश आया तो उसने खुद पुलिस और एंबुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी। उसके सिर और घुटने में चोटें आई हैं।

 

8 घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

 

इस भीषण हादसे में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), श्रीजीत (3) और ट्रक चालक हारून (43) समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

   

सम्बंधित खबर