चंडीगढ़ इमारत हादसे पर मानवाधिकार आयोग सख्त, उपायुक्त से मांगी रिपोर्ट
- Neha Gupta
- Jul 06, 2026
- औद्योगिक क्षेत्र चरण-दो में मरम्मत कार्य के दौरान दो मंजिला इमारत गिरने से मेरठ के दो लोगों की हुई थी मौत
चंडीगढ़, 06 जुलाई । चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र चरण-दो में मरम्मत कार्य के दौरान दो मंजिला इमारत गिरने के मामले में पंजाब राज्य एवं चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस हादसे को गंभीर मानते हुए चंडीगढ़ के उपायुक्त से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट अगली सुनवाई से एक सप्ताह पहले आयोग के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को होगी।
आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। खबर में बताया गया था कि शनिवार शाम औद्योगिक क्षेत्र चरण-दो में मरम्मत कार्य के दौरान एक दो मंजिला इमारत अचानक गिर गई थी। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम मौके पर पहुंची थी। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे मेरठ निवासी तरुण जैन और तरुण कौशिक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों इमारत से जुड़े साझेदार बताए गए हैं।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति संत प्रकाश, सदस्य न्यायमूर्ति गुरबीर सिंह और सदस्य जितेंद्र सिंह शंटी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने आदेश की प्रति उपायुक्त चंडीगढ़ को ईमेल और डाक के माध्यम से भेजने को भी कहा है, ताकि तय समय पर जवाब दाखिल किया जा सके।
इस हादसे के बाद मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब उपायुक्त की रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कि हादसे के पीछे लापरवाही, निर्माण संबंधी कमजोरी या सुरक्षा नियमों की अनदेखी में से कौन से कारण जिम्मेदार रहे।--------------

