विद्युत बोर्ड पेंशनर्स को बकाया एरियर एवं मंहगाई भत्ते की अदायगी करे सरकार
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
मंडी, 06 जुलाई (हि.स.)। विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम मंडी यूनिट की मासिक बैठक वरिष्ठ नागरिक कल्याण भवन जेल रोड़ मंडी में आयोजित की गई। सचिव विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम डी.डी. राणा ने बताया कि पेंशनर्स की लंबित मांगों व समस्याओं के बारे में चर्चा की गई l बैठक की अध्यक्षता विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम के अध्यक्ष ई. राजेश बहल ने की l
बैठक में सबसे पहले अपने पेंशनर्स साथियों स्व. के पी शर्मा मुख्य लेखा अधिकारी, रोशन लाल, तेज राम कपूर स्पेशल फोरमैन और जसा राम लाइनमैन सेवानिवृत के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट किया। इन दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में पेंशनर्स के वित्तीय लाभों को समय पर न दिए जाने पर रोष जताया गया I इस बैठक को संबोधित करते हुए सभी वक्ताओं ने कहा कि विद्युत बोर्ड में जो कर्मचारी पहली जनवरी 2016 से 31 मार्च 2022 के बीच में रिटायर हुए हैं । उन्हें अभी तक 50000 रुपए और 20 प्रतिशत ग्रेच्युटी के अलावा कोई भी लाभ नहीं मिला है l इसके साथ-साथ ई. राजेश बहल अध्यक्ष विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम मंडी यूनिट ने कहा कि हिमाचल सरकार 2016 से 2022 के बीच में रिटायर हुए पेंशनर्स के साथ अन्याय कर रही है। उनको न तो संशोधित वेतनमान का एरियर दिया जा रहा है और न ही उनकी संशोधित लीव एन कैशमेंट व ग्रेच्युटी दी जा रही है l अभी कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था कि 65 साल से 70 साल के बीच के जितने भी पेंशनर्स हैं। उनको जुलाई महीने में 40 प्रतिशत एरियर दिया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से बकाया एरियर का भी भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन अब एरियर के ऑर्डर ,2016 के पहले जो पेंशनर्स रिटायर हुए हैं उनके कर दिए,जो कि इन पेंशनरों के साथ घोर अन्याय है l
---------------

