कोच्चि में छह और सात जुलाई को होगी ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक

नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत छह और सात जुलाई को केरल के कोच्चि में ब्रिक्स महिला कार्य समूह (डब्ल्यूडब्ल्यूजी) की बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने और प्रमुख परिणाम दस्तावेजों को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श करेंगे।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण है। यह विषय जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम दृष्टिकोण को रेखांकित करता है। इसी सोच के अनुरूप ब्रिक्स महिला ट्रैक के लिए चार प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की गई है।

इन प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में शासन एवं नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी, महिलाओं का डिजिटल और वित्तीय समावेशन, महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास, जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका तथा वैश्विक मंच पर ब्रिक्स और महिलाओं की बढ़ती भूमिका शामिल हैं।

बैठक के दौरान सदस्य देशों के प्रतिनिधि इन विषयों पर साझा रणनीति विकसित करने के साथ-साथ सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा करेंगे। इस बैठक से तैयार होने वाले सुझाव और दस्तावेज आठ और नौ जुलाई को आयोजित होने वाली ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक के लिए आधार तैयार करेंगे। इसके माध्यम से महिला-नेतृत्व वाले विकास और व्यावहारिक सहयोग के प्रति ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को वैश्विक स्तर पर रेखांकित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स समूह में वर्तमान में 11 देश शामिल हैं। इनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के अलावा मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया शामिल हैं। ये देश मिलकर वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं।

मंत्रालय के अनुसार, कोच्चि में होने वाली बैठक से पहले तीन प्रारंभिक वर्चुअल बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। पहली बैठक 30 अप्रैल, दूसरी 22 मई और तीसरी 29 जून को हुई थी। इन बैठकों के दौरान सदस्य देशों ने विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श कर कोच्चि बैठक के एजेंडे और प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की।--------------

   

सम्बंधित खबर