जेएंडके बैंक ने टाटा मोटर्स के साथ एमओयू किया नवीनीकृत

जम्मू। स्टेट समाचार
जेएंडके बैंक ने वाणिज्यिक वाहनों के लिए वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टाटा मोटर्स लिमिटेड के साथ अपने समझौता ज्ञापन (एमओयू) को नवीनीकृत किया है। समझौते के तहत बैंक टाटा मोटर्स द्वारा निर्मित और विपणन किए जाने वाले वाणिज्यिक वाहनों के सभी वेरिएंट के लिए पसंदीदा वित्तपोषक के रूप में कार्य करेगा। यह साझेदारी पूरे देश में लागू होगी। समझौते के तहत बैंक की शाखाएं टाटा मोटर्स और उसके अधिकृत डीलर नेटवर्क के साथ मिलकर पात्र ग्राहकों को वाहन वित्त की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। टाटा मोटर्स और उसके डीलर संभावित ग्राहकों को बैंक से जोडऩे के साथ प्रचार और ग्राहक संपर्क गतिविधियां भी करेंगे। बैंक के महाप्रबंधक (आरएएम) संजय गुप्ता ने कहा कि साझेदारी से ट्रांसपोर्टरों, फ्लीट ऑपरेटरों, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को उनकी व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप वाहन खरीदने के लिए वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों में भारी, मध्यम और हल्के वाणिज्यिक वाहन, छोटे वाणिज्यिक वाहन, पिकअप, टिपर, बस और विशेष उपयोग वाले वाहन शामिल हैं। बैंक के अनुसार यह साझेदारी जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के साथ देश के अन्य हिस्सों में लॉजिस्टिक्स, निर्माण, बुनियादी ढांचे, खनन, कृषि और यात्री परिवहन जैसे क्षेत्रों को वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

   

सम्बंधित खबर