जयपुर में जस-2026 का शुभारंभ, दुबई ज्वैलरी ग्रुप से एमओयू

जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजधानी के सीतापुरा स्थित नोवाटेल जेईसीसी में शुक्रवार से तीन दिवसीय ज्वेलर्स एसोसिएशन शो (जस-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। 3 से 5 जुलाई तक आयोजित इस बी-टू-बी प्रदर्शनी में पहली बार विश्व के जेम्स, ज्वेलरी और डायमंड उद्योग की प्रमुख हस्तियां एक मंच पर एकत्रित हुईं। उद्घाटन समारोह के दौरान दुबई ज्वैलरी ग्रुप और ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर (जस) के बीच ऐतिहासिक समझौता (एमओयू) भी हुआ, जिससे जयपुर और दुबई के ज्वेलरी कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मालाबार ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं जीईडी के.पी. अब्दुल सलाम, दुबई ज्वैलरी ग्रुप के चेयरमैन तौहीद अब्दुल्लाह, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के सदस्य सुरजीत भुजबल तथा राष्ट्रीय रत्न एवं आभूषण परिषद (एनजीजेसीआई) के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने किया।

ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान के जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगा और जयपुर को वैश्विक जेम्स-ज्वेलरी हब के रूप में नई पहचान दिलाएगा।

मालाबार ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं जीईडी के.पी. अब्दुल सलाम ने भारतीय ज्वेलरी उद्योग के लिए वैश्विक स्तर का मजबूत ब्रांड विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं दुबई ज्वैलरी ग्रुप के चेयरमैन तौहीद अब्दुल्लाह ने भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के तहत व्यापारिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और जयपुर के कारोबारियों को दुबई के वैश्विक बाजार से जोड़ने का आह्वान किया।

सीबीआईसी के सदस्य सुरजीत भुजबल ने कहा कि जेम्स एवं ज्वेलरी उद्योग देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और केंद्र सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

राष्ट्रीय रत्न एवं आभूषण परिषद (एनजीजेसीआई) के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने घोषणा की कि जुलाई माह में जयपुर में प्रस्तावित जेम बूर्स का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है तथा राज्य सरकार इस परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध कराएगी।

ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर के महासचिव अजय गोधा ने कहा कि जस आज व्यापार, भरोसे और गुणवत्ता का मजबूत मंच बन चुका है। वहीं जस-2026 के कन्वीनर अशोक माहेश्वरी ने इसे देश का सबसे प्रतिष्ठित बी-टू-बी ज्वेलरी शो बनाने का लक्ष्य बताया।

समारोह के दौरान ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला तथा दुबई ज्वैलरी ग्रुप की ओर से चेयरमैन तौहीद अब्दुल्लाह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत जयपुर के ज्वेलर्स को दुबई के अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी। साथ ही डिजाइन, तकनीक, कौशल विकास और व्यापारिक सहयोग के नए अवसर भी विकसित होंगे।

इस वर्ष आयोजित जस-2026 में कुल 351 प्रदर्शनी बूथ लगाए गए हैं, जिनमें 201 जेमस्टोन तथा 149 ज्वेलरी एवं एलाइड सेक्टर के बूथ शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत अधिक है। प्रदर्शनी में देशभर के 26 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। आयोजन के लिए 2,000 से अधिक ट्रेड बायर्स तथा 1,000 से अधिक होस्टेड बायर्स ने पंजीकरण कराया है, जबकि विभिन्न देशों से आए प्रवासी भारतीय खरीदार भी इसमें भाग ले रहे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर