जौनपुर : जिलाधिकारी की बिजली विभाग पर सख्ती, एसडीओ का वेतन रोका, अधीक्षण अभियंता को नोटिस

जौनपुर,17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बिजली व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार रात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में जवाब से असंतुष्ट होने पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता द्वितीय को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उपखंड अधिकारी खेतासराय का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डीएम ने आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों और बाधित विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि विभिन्न एजेंसियों को लगाकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जाए और दो दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल की जाए। साथ ही अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं को प्रतिदिन शाम तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद सभी खंभों की ग्राउटिंग कराई जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां स्टे लगाए जाएं। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए टेललेस यूनिट और फ्यूज जैसे उपकरण लगाने तथा पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए ताकि खराब होने पर तत्काल बदला जा सके।

बैठक में डीएम ने ट्रिपिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यालय सहित पूरे जनपद में बिजली तारों और खंभों के नियमित रखरखाव तथा पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। जलभराव और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में करंट उतरने की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं के बिजली बिलों का निस्तारण उपखंड कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व वसूली से संबंधित आरसी में उपभोक्ताओं का सही नाम और पता दर्ज करने के निर्देश भी दिए।-------------

   

सम्बंधित खबर