जेडीए पर्यटन के साथ एडवेंचर के लिए तैयार कर रहा स्वर्ण जयंती गार्डन को
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जयपुर, 22 जून (हि.स.)। जयपुर में हर साल लाखों देसी-विदेशी पर्यटक घूमने आते है। इसी को ध्यान में रखकर जेडीए स्वर्ण जयंती गार्डन को पर्यटन के साथ एंडवेचर के हिसाब से तैयार कर रहा है। विद्याधर नगर स्थित स्वर्ण जयंती गार्डन में आमजन बोटिंग का आनंद ले सकेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वर्ण जयंती गार्डन को आधुनिक रुप से विकसित करने पर काम चल रहा है। यह पार्क करीब 21 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है। यहां पर स्थित मजार डैम को बोटिंग के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए मिट्टी निकालने का काम चल रहा है। मिट्टी निकालने का काम लगभग पूरा होने को है। जल्द ही इसे तालाब का रुप दिया जाएगा।
जेडीए अधिकारियाें के अनुसार स्वर्ण जयन्ती पार्क विद्याधर नगर, जयपुर में मजार डेम के पास स्थित है। वर्तमान में यह 4.50 हैक्टेयर में पार्क एवं 1.5 हैक्टेयर में सघन पौधारोपण किया हुआ है। जिसमें पानी की सुविधा के लिए 1 एम.एल.डी. का एसटीपी प्लान्ट लगाया हुआ है। राज्य सरकार के वर्ष 2025-26 बजट में स्वर्ण जयन्ती पार्क के नवीन विकास कार्यों के लिए (ऑक्सिजन जोन) में विकसित करने के लिए 15 करोड़ एवं दृव्यवती नदी को पर्यटन की दृष्टि से अपग्रेडेशन कार्य के लिए 50 करोड़ की घोषणा की गई है। बजट घोषणाओं के क्रम में सलाहकार मैसर्स प्रमोद जैन एण्ड एसोसिएट को कार्यादेश जारी कर 65.60 करोड़ की डीपीआर तैयार करवा कर काम शुरू कर दिया है। गार्डन में म्यूजिकल फाउन्टेन, बच्चों के लिए प्ले एरिया एवं मनोरंजन क्षेत्र, क्रिएटिव वार मेमोरियल, ऑपन जिम, पार्किंग एरिया, स्क्यिोरिटी सिस्टम, लैण्डस्केपिंग कार्य, कारपेट (मेक्सिकन) ग्रास लगाकर लॉन क्षेत्र का पुनरूद्धार, ट्रेक के चारो ओर पांडा और ब्लैक प्रिंस की हैज प्लांटिंग, बोनसाई अलंकृत पौधो का रोपण, टोपेरियों का रोपण, मटका प्लांट, पणिहारी, वेलकम, बोगनबेलिया मल्टी कलर टोपरी, पाम प्रजाति के पौधों का रोपण, खजू (डेट पाम) पेड़ों का रोपण किया जाएगा।
कार्यवाहक एक्सईएन कैलाश चंद ने बताया कि स्वण जयंती गार्डन काे नए रुप में डाला जा रहा है। इसके लिए काम किया जा रहा है। वर्तमान में मजार बांध को साफ करने का काम किया जा रहा है। 87 लाख रुपए की लागत से बांध से बरसों से जमा मिट्टी को निकाल कर बोटिंग के लिए तैयार किया जा रहा है। बोटिंग के लिए बांध में से करीब 8 फीट से अधिक मिट्टी निकाली जानी है,जिसका काम अंतिम चरण में है। यह काम अनूपदेवी कंस्ट्रशन कम्पनी द्वारा किया जा रहा है। मिट्टी निकालने का काम दीपावली के बाद शुरू किया गया था जिसे दिसम्बर माह के अंत तक पूरा करने का टारगेट रखा गया है। मजार बांध करीब 4.5 हैक्टेयर में फैला हुआ है।
---------------

