जेपीएससी 14 वीं पीटी परीक्षा का परिणाम कोटिवार कट ऑफ करे जारी : आजसू
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। राज्य में 14 वीं जेपीएससी पीटी के परिणाम को लेकर आजसू पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के हरमू स्थित मुख्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पूर्व विधायक सह केंद्रीय महासचिव लंबोदर महतो और महासचिव संजय मेहता ने आयोग पर कई आरोप लगाए। आजसू पार्टी ने पीटी परिणाम का कोटिवार कट ऑफ जारी करने की मांग की है। साथ ही आयोग से परिणाम की वैधानिकता को स्पष्ट करने को कहा है। लंबोदर महतो ने कहा कि जब तक परिणाम की वैधानिक स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती तब तक मेन्स की परीक्षा पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की।
लंबोदर महतो ने कहा कि आयोग की कार्यशैली से स्पष्ट है कि परिणाम पारदर्शी नहीं है। मीडिया रिपोर्टों में आयोग पर बड़े आरोप लगे लेकिन अब तक आयोग ने इसपर कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
वहीं पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में यह बात आई है कि परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी का संबंध हरियाणा से है। 50 अनारक्षित सीटों पर 1122 लोगों का परिणाम पीटी में जारी किया गया है। इसमें 418 लोग हरियाणा और यूपी के हैं। इस बिंदु पर भी आयोग स्थिति को स्पष्ट करे।
उन्हों ने कहा कि जेपीएससी यह स्पष्ट करे की कुल रिक्त पदों में से पीटी परीक्षा में कितने प्रतिशत अधिक अभ्यर्थियों का परिणाम जारी किया जाता है। आयोग एसटी, एससी, ओबीसी-वन, ओबीसी-टू और ईडब्लूएस का कट ऑफ जारी करते हुए यह स्पष्ट करे कि सभी कोटि का कट ऑफ कितना है जिसका कोटि में जो कट ऑफ जारी हो उन सभी अभ्यर्थियों की उत्तर कुंजी को सार्वजनिक किया जाए। ताकि अन्य अभ्यर्थी अपने परिणाम की तुलना जारी कट ऑफ से कर सकें।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या परीक्षा और परिणाम को जारी करने का काम एजेंसी को दे दिया गया है। क्या एजेंसी के बनाये परिणाम पर सदस्यों की आपत्ति के बावजूद परिणाम जारी किया जा सकता है।
लंबोदर महतो ने कहा कि पार्टी जेपीएससी के मुद्दे पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की तैयारी कर रही है। इस मुद्दे पर पार्टी अब चुप नहीं बैठेगी। छात्रों का सपना था की अब तक 25 जेपीएससी की परीक्षा आयोजित हो। दुर्भाग्य से यह झारखंड में नहीं हो पाया।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान और रांची जिला उपाध्यक्ष सह रिसर्च स्कॉलर अमित साहू भी उपस्थित थे।
---------------

