रिम्स में अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का मंत्री ने किया उद्घाटन

रांची, 03 जुलाई (हि.स.)।

स्वास्थ्य मंत्री डाॅ इरफान अंसारी ने कहा कि कोई भी डॉक्टर कभी नहीं चाहता कि किसी मरीज की मौत हो। हर चिकित्सक पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ मरीज की जान बचाने का प्रयास करता है। ऐसे में समाज और मीडिया, डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए।

मंत्री इरफान अंसारी बतौर मुख्य अतिथि शुक्रवार को रिम्स, रांची स्थित अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन करते हुए बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह संस्थान झारखंड के लोगों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। अब मोतियाबिंद, रेटिना, कॉर्निया, ग्लूकोमा सहित आंखों से जुड़ी जटिल बीमारियों का उपचार राज्य में ही उपलब्ध होगा, जिससे मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में रिम्स-2 परियोजना का रास्ता साफ हो गया है और अगले तीन वर्षों में इसके पूरा होने का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में विधायक सुरेश कुमार बैठा, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के विभागाध्यक्ष प्रो (डॉ) सुनील कुमार, रिम्स के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर