रांची में 28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, पांच लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
- DSS Admin
- Jun 27, 2026

रांची, 27 जून (हि.स.)। रांची जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का आयोजन 28 से 30 जून तक किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के 5,05,524 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन की जानकारी शनिवार को सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में 3,893 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 7,786 बूथ टीम सदस्यों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि पूरे अभियान की निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
डॉ. प्रभात कुमार ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि हर बच्चा, हर बार की भावना के साथ प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। अभियान की सफलता तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र बच्चे को निर्धारित अवधि के दौरान पोलियो की खुराक अवश्य मिले।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर पल्स पोलियो प्रचार रथ को रवाना किया। यह प्रचार रथ रांची के सभी शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करेगा और अधिक से अधिक अभिभावकों को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार मांझी, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीति चौधरी, क्षेत्रीय समन्वयक श्वेता वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।-----------------

