संत अरविंदो अकादमी में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, राखी मिश्रा बनीं नई प्रधानाचार्या
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। संत अरविंदो अकादमी में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन को लेकर रविवार को पूर्व समिति सदस्यों, अभिभावकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से पुरानी विद्यालय प्रबंधन समिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर नई एसएमसी का गठन किया गया। इसके बाद सभी सदस्यों की सहमति से राखी मिश्रा को विद्यालय की नई प्रधानाचार्या नियुक्त किया गया।
नई प्रधानाचार्या के चयन के साथ ही विद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों को नई दिशा देने की उम्मीद जताई गई। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि नए नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।
विद्यालय के अध्यक्ष अनुज कुमार साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राखी मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्हें विश्वास है कि नई प्रधानाचार्या के नेतृत्व में विद्यालय नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी राखी मिश्रा का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। सभी ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा बेहतर प्रबंधन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
बैठक के दौरान विद्यालय के समग्र विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय की प्रगति तभी संभव है, जब प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावक आपसी समन्वय के साथ विद्यार्थियों के हित में कार्य करें।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, नवनियुक्त पदाधिकारी, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित समिति से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित करने की उम्मीद व्यक्त की।
------------

