बिजौली में फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार, वृद्ध की मौत
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
जांच में जुटी प्रेमनगर पुलिस
झांसी, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली इलाके में रविवार देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान 85 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र और पुत्रवधू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार उलदन थाना क्षेत्र के ग्राम आयना निवासी एवं वर्तमान में बिजौली स्थित खाती बाबा के पास रहने वाले 85 वर्षीय झल्ली राम अपने पुत्र छत्रसाल और पुत्रवधू विद्या देवी के साथ रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में वे अचेत अवस्था में घर के भीतर पड़े मिले। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में उपचार के दौरान झल्ली राम की मौत हो गई, जबकि छत्रसाल और विद्या देवी का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर प्रेमनगर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने रविवार काे बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि घटना से पहले परिवार के घर कोई बाहरी व्यक्ति नहीं आया था और न ही परिवार का कोई सदस्य बाहर गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि घर में बने भोजन के सेवन के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो भोजन के नमूनों की भी जांच कराई जाएगी।

