जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन 25 मार्च को
- Neha Gupta
- Mar 22, 2025


जम्मू, 22 मार्च । श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट द्वारा जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन 25 मार्च को बावा जित्तो सभागार, शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू में किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने जम्मू प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में इस आयोजन की घोषणा की। महोत्सव में लोक नृत्य, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प, शस्त्र प्रदर्शनी, स्थानीय व्यंजन, तथा नशा मुक्ति अभियान पर विशेष सत्र होंगे। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पर महंत रोहित शास्त्री द्वारा लिखित अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन भी होगा।
महोत्सव का उद्घाटन स्वामी कैलाशानंद गिरी (आचार्य महामंडलेश्वर, निरंजनी अखाड़ा), उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, विधायक शाम लाल शर्मा, कुलपति प्रो. बी. एन. त्रिपाठी और अनिल गुप्ता (अध्यक्ष, स्वामी विवेकानंद मेडिकल मिशन) द्वारा किया जाएगा। महंत रोहित शास्त्री ने सभी संस्कृति प्रेमियों, स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों से इस महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।