ज्येष्ठ संक्रांति 14 मई, बुधवार को होगी
- Admin Admin
- May 12, 2025

जम्मू, 12 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ संक्रांति इस वर्ष 14 मई 2025, बुधवार को मनाई जाएगी। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष, ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि सनातन धर्म में ज्येष्ठ संक्रांति का विशेष महत्व है। इस दिन रात्रि 24 बजकर 11 मिनट पर सूर्य देव वृष राशि में प्रवेश करेंगे। ज्येष्ठ मास में सूर्य के वृष राशि में प्रवेश को वृष संक्रांति के नाम से जाना जाता है। इस प्रकार सूर्य की वृष संक्रांति और ज्येष्ठ माह का आरंभ एक साथ होता है। इस संक्रांति का पुण्यकाल अगले दिन यानी 15 मई की सुबह 6 बजकर 35 मिनट तक रहेगा। इस दिन पवित्र नदियों, सरोवरों में स्नान एवं दान-पुण्य को विशेष पुण्यदायी माना गया है।
स्नान-पूजन के पश्चात गुड़, तेल, जल से भरा घड़ा, पंखा, वस्त्र, फल आदि का दान इस विश्वास से किया जाता है कि अगले जन्म में ग्रीष्म ऋतु में इनका सुख प्राप्त होगा। यदि किसी कारणवश पवित्र जल में स्नान न हो सके तो गंगाजल मिलाकर घर में स्नान करना भी पुण्यदायक होता है। इस दिन जरूरतमंदों को यथाशक्ति दान अवश्य करना चाहिए। तिल मिश्रित जल से स्नान करने से रोगों में राहत मिलती है और दीर्घायु प्राप्त होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा