कल्याण बंद्योपाध्याय का वाम मोर्चा पर हमला: “बुद्धदेव के दौर में बना बंगाल का काला इतिहास”
- Admin Admin
- Oct 16, 2025
हुगली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बंद्योपाध्याय ने बुधवार शाम तृणमूल के विजया सम्मेलन के मंच से वाममोर्चा सरकार और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में हत्या और बलात्कार के सबसे अधिक मामले वाम शासन के दौरान हुए थे, और इनमें भी बुद्धदेव भट्टाचार्य के शासनकाल में सबसे ज्यादा घटनाएं दर्ज की गईं।
कल्याण बंद्योपाध्याय ने कहा, “आज कुछ वामपंथी बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। लेकिन उनको याद रखना चाहिए, उनका अतीत कोई नहीं भूला है। बंगाल में हत्या-बलात्कार उनके समय में सबसे अधिक हुए। बुद्धदेव भट्टाचार्य के शासनकाल में तो यह चरम पर था। आज कुछ बुद्धिजीवी उनकी तस्वीर टांगकर उन्हें पूजते हैं, लेकिन हम कहते हैं, ‘छि: बुद्ध, छि:!’ वे सम्माननीय व्यक्ति थे, अब नहीं रहे, पर मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने एक काला इतिहास रचा। उनके समय में पुलिस पूरी तरह से सीपीएम की गुलाम थी।”
वहीं, भाजपा नेता और राज्य विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को चुनौती देते हुए तृणमूल सांसद ने कहा, “अब आए हैं शुभेंदु अधिकारी। वर्ष 2026 के चुनाव में उन्हें कितने हजार वोटों से हराया जाता है, यह देख लेना। वे ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं। वे कितने बड़े नेता हैं? मैं उन्हें खुली चुनौती देता हूं। वे श्रीरामपुर लोकसभा क्षेत्र के किसी भी विधानसभा सीट से जीतकर दिखाएं।”
कल्याण बंद्योपाध्याय ने दुर्गापुर गैंगरेप प्रकरण पर विपक्ष के नेता पर धर्म आधारित राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “दुर्गापुर की घटना को लेकर शुभेंदु अधिकारी हिंदू-मुस्लिम राजनीति कर रहे हैं। अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता, वे सिर्फ अपराधी होते हैं।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



