मौजूदा सरकार मंदिरों के चंदे को सुख आश्रय और अन्य योजनाओं में खर्च करने की कर है तैयारी : जय राम ठाकुर
- Admin Admin
- Mar 06, 2025

धर्मशाला, 06 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने मंदिरों के चंदे की राशि को विभिन्न योजनाओं पर खर्च करने को लेकर प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार मंदिरों के चंदे को सुख आश्रय और अन्य योजनाओं में खर्च करने की तैयारी कर रही है। वीरवार को धर्मशाला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अगर मंदिरों के चंदे का उपयोग किया, तो वह केवल गोसदन और गौ सेवा से जुड़े कार्यों के लिए किया गया, जो कि सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण अंग है। हमने इस धनराशि को हेलीकॉप्टर, मुख्यमंत्री की गाड़ियों या सरकारी खर्चों के लिए इस्तेमाल नही किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार न सिर्फ आर्थिक दिवालियेपन की शिकार बल्कि उनका मानसिक दिवालियापन भी साफ झलक रहा है। सरकार द्वारा जिस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं वह पूरी तरह से कंट्रोवर्सियल हैं। अब सरकार के अधीन वाले मंदिरों की धनराशि को सरकारी योजनाओं पर खर्च करना कहां तक तर्कसंगत है, यह मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को बताएं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और जनता के हितों की अनदेखी कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर जय राम ठाकुर ने कहा कि जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धैर्य रखने का संदेश देते हुए कहा कि संगठन पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और सही समय पर उचित निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक विशाल नैहरिया सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने धर्मशाला दौरे के दौरान अचानक जोनल हॉस्पिटल पहुंचकर पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर एवं प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु की पत्नी का हालचाल जाना। उन्होंने विश्वचक्षु और उनके परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और ईश्वर से शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। गौर हो कि बीती देर रात जय राम ठाकुर धर्मशाला पंहुचे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया