पालमपुर की आरजू ने जीता इंडिया फैशन मॉडल का खिताब

धर्मशाला, 25 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की चाय नगरी पालमपुर के लोहना की बेटी आरजू मॉडलिंग की दुनिया में अपना नाम कमा रही है। आरजू ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर इंडिया नेक्सट फैशल मॉडल का ताज अपने नाम किया है।

आरजू ने अब तक मॉडलिंग की विभिन्न तीन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पालपमुर के नगरी में आयोजित इंडिया नेक्सट फैशन मॉडल का खिताब अपने नाम कर उन्होंने न सिर्फ पालमपुर बल्कि पूरे हिमाचल का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, असम व बिहार की प्रतिभागियों को सेमीफाईनल व ग्रैंड फिनाले में कड़ी टक्कर देते हुए आरजू ने यह ताज जीता है।

आरजू ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग व महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली थी। मॉडलिंग के विभिन्न टिप्स सीखने के बाद अब वह विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं। आरजू ने बताया कि इससे पूर्व के वर्ष में उन्होंने शान-ए-हिमाचल प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिसमें फर्स्ट रनरअप का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश में हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, ऐसे ही युवतियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर