बीडीओ परागपुर 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

धर्मशाला, 17 फ़रवरी (हि.स.)। कांगड़ा जिला के प्रागपुर विकास खंड अधिकारी को विजिलेंस ने 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बीडीओ प्रागपुर वीरेंद्र कुमार कौशल पंचायत के कार्य के लिए उपायुक्त द्वारा जारी की गई डेढ़ लाख की धनराशि को रिलीज करने की एवज में प्रधान से 10 हजार की रिश्वत की मांग कर रहे थे।

कड़ोआ पंचायत की प्रधान रीना देवी ने इस बाबत नॉर्थ रेंज धर्मशाला विजिलेंस कार्यालय में बीडीओ के खिलाफ शिकायत दी थी जिसके चलते सोमवार को विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाते हुए बीडीओ वीरेंद्र कौशल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

एएसपी विजिलेंस नॉर्थ रेंज धर्मशाला बद्री सिंह ने बताया कि प्रागपुर विकास खंड अधिकारी को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि महिला प्रधान ने इस बाबत विजिलेंस को शिकायत दी थी जिसके आधार पर विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है। उन्होंने बताया कि बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

दो माह बाद होना था सेवानिवृत्त

रिश्वत लेते हुए पकड़े गए बीडीओ की दो माह बाद अप्रैल में सेवानिवृत्ति थी। अपने सालों की नौकरी के आखिर में उक्त अधिकारी ने रिश्वतखोरी का दाग अपने दामन पर लगा लिया। चंद पैसों के लिए उक्त अधिकारी द्वारा अपने ईमान को बेचने की यह खबर लोगों में चर्चा का विषय बन गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर