हिमाचल में कानून व्यवस्था की हालत बिगड़ी : विपिन परमार

धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, कांगड़ा-चंबा व विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से ध्वस्त हो चुकी है। सुक्खू सरकार कानून व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह से नाकाम हुए हैं। प्रदेश में गोली कांड, रेप व हत्याएं होना आम घटनाएं बनती जा रही है। लोग खौफजदा है लेकिन सरकार आराम फरमा रही है।

रविवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि सरकार का नाकामियों के कारण बिलासपुर में गोलीकांड जैसी घटना सामने आई है। यह पहली बार नहीं है जब बिलासपुर में इस तरीके से दिन दहाड़े गोलियां चलाई गई हो। इसके पहले भी इसी तरह की घटना हुई जिसमें पुलिस द्वारा कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। यदि पुलिस द्वारा समय रहते सख्त कार्रवाई की गई होती तो दोनों बार की गोलीबारी की घटनाएं सामने नहीं आती और प्रदेश में इस तरह की अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगती। इस मामले में सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करे जिससे प्रदेश में अपराधिक तत्वों पर लगाम लग सके। इस मामले की गंभीरता से जांच हो और इस प्रकरण में दोषी समस्त अपराधियों पर कानून के तहत कार्रवाई हो। इस घटना के पीछे के कारण और इसके साजिश की पूरी कहानी सामने आनी चाहिए। अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे फिर कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर