राष्ट्रीय विचारों और राष्ट्रवाद के भाव को आगे बढ़ाए मीडिया : प्रताप समयाल
- Admin Admin
- Mar 10, 2025

धर्मशाला, 10 मार्च (हि.स.)। विश्व संवाद केंद्र शिमला द्वारा सोमवार को धर्मशाला में होली पर्व के उपलक्ष्य में पत्रकार मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र शिमला के अध्यक्ष राजेश बंसल व उपाध्यक्ष यादेवेंद्र सिंह चौहान, मीडिया कर्मी, व केंद्रीय विश्वविद्यालय मीडिया विभाग के प्राध्यापक व शोधार्थी विशेष रूप उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विशेष रूप से आमंत्रित प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि होली का पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारा बढ़ाने और समाज को जोड़ने वाला महापर्व है। उन्होंने मीडिया बंधुओ से सकारात्मक पत्रकारिता और समाज के महत्वपूर्ण विषयों को समय-समय पर उठाने का भी आह्वान किया। उन्होंने मीडिया से राष्ट्रीय विचारों और राष्ट्रवाद के भाव को आगे बढ़ाने की भी बात कही।
इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष राजेश बंसल ने विश्व संवाद केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी और बताया कि हर वर्ष विश्व संवाद केंद्र होली के पर्व पर पत्रकारों के साथ होली मिलन कार्यक्रम करता है। इससे पूर्व हर वर्ष यह कार्यक्रम शिमला में आयोजित किया जाता रहा है इस वर्ष विश्व संवाद केंद्र ने इस आयोजन को धर्मशाला में करने का निर्णय लिया।
बंसल ने बताया कि इस वर्ष देव ऋषि नारद जयंती का विशेष कार्यक्रम भी धर्मशाला में मई माह में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी पत्रकारों को इस अवसर पर होली पर्व की बधाई दी। पत्रकार मिलन कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट सोशल मीडिया के करीब 50 से अधिक मीडिया कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस मौके पर पत्रकारों ने भी विचारों का आदान प्रदान किया। इस मौके पर विश्व संवाद केंद्र के उपाध्यक्ष यादवेंद्र सिंह चौहान व वरिष्ठ पत्रकार अनिल भारद्वाज, जिला प्रचार प्रमुख रजनीश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया