ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का सबसे बड़ा स्टेशन होगा कर्णप्रयाग, 26 ट्रैक होंगे
- Admin Admin
- Feb 11, 2025
![](/Content/PostImages/61b3a8faa9c1091806675c230a9abe64_632141171.jpg)
-611 करोड़ की मिली मंजूरी, टेंडर हुए जारी
देहरादून, 11 फरवरी(हि.स.)। महत्वकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में सामरिक दृष्टि से एक बड़ा बदलाव किया गया है। परियोजना का अब सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन कर्णप्रयाग होगा। यहां अब 22 ट्रैक के बजाय 26 रेलवे ट्रैक विकसित किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे विकास निगम ने 611 करोड़ रुपये के टेंडर भी जारी कर दिए हैं।
रेलवे विकास निगम के उप महाप्रबंधक ओपी मालगुड़ी ने बताया कि निगम ने यह फैसला कर्णप्रयाग की सामरिक महत्ता के चलते लिया है। उन्होंने बताया कि इससे ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में एक महत्वपूर्ण बदलाव के बाद कर्णप्रयाग रेलवे स्टेशन सबसे बड़ा स्टेशन हो जाएगा। कर्णप्रयाग रेलवे स्टेशन पर चार अतिरिक्त ट्रैक बनाए जाने हैं। ये चारों ट्रैक दो सुरंगों के अंदर बनाए जाएंगे। इसके लिए दो सुरंगों का निर्माण भी किया जाएगा। सामान उतारने के लिए एक सड़क सुरंग का भी निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि परियोजना में तीन बड़े स्टेशन हैं। तीन बड़े स्टेशनों में कर्णप्रयाग रेलवे स्टेशन पर 26 ट्रैक हैं। यहां चार यात्री प्लेटफार्म व एक गुड्स प्लेटफार्म है। ऋषिकेश में 18 ट्रैक हैं। यहां तीन यात्री प्लेटफार्म हैं जबकि श्रीनगर में पांच ट्रैक हैं। यहां चार यात्री प्लेटफार्म व एक गुड्स प्लेटफार्म है। अन्य रेलवे स्टेशनों पर दो या तीन ही ट्रैक हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal