केशियाड़ी में 125 दिन रोजगार योजना का शुभारंभ, विधायक ने शुरू कराया कार्य

पश्चिम मेदिनीपुर, 27 जून (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र के सांतारापुर इलाके में शनिवार को 125 दिन रोजगार योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केशियाड़ी के विधायक भद्र हेम्ब्रम ने स्वयं कुदाल चलाकर कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर पंचायत के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नेता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक भद्र हेम्ब्रम ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे और विकास से जुड़ी विभिन्न आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य को भी गति मिलेगी।

उन्होंने श्रमिकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की तथा भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इस तरह की रोजगार आधारित योजना शुरू होने से इलाके के अनेक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य में नई 125 दिन रोजगार योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है और विभिन्न जिलों में इसकी शुरुआत लगातार की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर