यमुनानगर में महापौर चुनाव के लिए कांग्रेस ने किरण बाला को उतारा मैदान में
- Admin Admin
- Feb 16, 2025

यमुनानगर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर नगर निगम चुनाव के लिए जहां एक ओर भाजपा ने अपने महापौर प्रत्याशी सहित 22 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर उन्हें मैदान में उतार दिया है, वहीं अभी तक मुख्य मुकाबले की पार्टी कांग्रेस ने केवल महापौर प्रत्याशी किरण बाला का ही नाम घोषित किया है, जबकि वार्ड के प्रत्याशियों की घोषणा होना बाकी है।
नामांकन भरने की आखिरी तिथि सोमवार यानी 17 फरवरी है।
रविवार को जिला इंटक कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर प्रत्याशी किरण बाला का पहुंचने पर जिला चुनाव संयोजक कमेटी के सदस्य एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और लड्डू बांटकर सभी का मुंह मीठा कराया।
इस मौके पर महापौर प्रत्याशी किरण बाला ने कहा कि नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।
पिछले पांच वर्षों के निगम में हुए भारी भ्रष्टाचार से लेकर आमजन को चाहे संपत्ति पहचान पत्र हो या अन्य निगम की समस्याओं को लेकर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
सफाई व्यवस्था, टूटी सड़कें, बिजली, पानी जैसी समस्याओं को दूर किया जाएगा और यमुनानगर-जगाधरी का सौंदर्यीकरण भी करेंगे।
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि निगम के अन्दर संपत्ति पहचान पत्र को लेकर लोगों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ी। जीतने के बाद हम निगम की इन समस्याओं को दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर नगर निगम के सभी वार्डों और महापौर का चुनाव कांग्रेस जीतेगी।
इस मौके पर सढौरा के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी किरण बाला के पति राजपाल भूखड़ी ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व में उनकी धर्मपत्नी को टिकट देकर जो विश्वास व्यक्त किया है उस पर वह खरे उतरेंगे और मजबूती से चुनाव लडेंगे। उन्होंने कहा कि निगम में फैला भ्रष्टाचार किसी ने छुपा नहीं है।
भाजपा ने नगर निगम को नरक निगम बना दिया है। जनता भाजपा से मुक्ति चाहती है। विधानसभा चुनाव में भी थोड़ी कसर रह गई थी वह कसर अब नगर निगम चुनाव में पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम के अंतर्गत जितने भी छोटे-बड़े कार्य किए गए हैं।
शहर की सरकार बनने के बाद सरकारी एजेंसी के माध्यम से उनकी जांच कराकर समीक्षा की जायेगी और जो भी इसमें कसूरवार पाया गया, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग