महाराष्ट्र प्रदेश एसआईआर प्रमुख किरीट सोमैया ने वसई का निरीक्षण कर लोगों से किया संवाद

मुंबई, 17 जून, (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद व महाराष्ट्र प्रदेश एसआईआर प्रमुख किरीट सोमैया तथा वसई विधानसभा की विधायक स्नेहा दुबे पंडित की उपस्थिति में वसई विधानसभा क्षेत्र के एसआईआर के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक वसई तहसीलदार कार्यालय में हुई। बैठक में मतदाता पंजीकरण, नागरिकों की विभिन्न शिकायतों के साथ-साथ प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नागरिकों की समस्याओं को तुरंत हल करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश इस अवसर पर दिए गए।

इसके बाद किरीट सोमैया और विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने पाचूबंदर, गास टोकपाड़ा, कोलीवाड़ा और एकचोटी गांव परिसर का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में अवैध निर्माणों, अवैध झुग्गियों के साथ-साथ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के निवास से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानी गईं। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि वसई के नागरिकों की सुरक्षा, जनहित के मुद्दों के समाधान और क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए लगातार प्रयास (फॉलोअप) जारी रहेगा।

इस अवसर पर उप-विभागीय अधिकारी शेखर घाडगे, वसई विरार शहर महानगरपालिका उपायुक्त अजीत मुठे, प्रभाग समिति सहायक आयुक्त संगीता घाडीगांवकर, नायब तहसीलदार राजाराम देवकाते, पुलिस निरीक्षक सौरभी पवार, पुलिस निरीक्षक विशाल वालवी के साथ-साथ भाजपा वसई शहर मंडल अध्यक्ष गीतांजलि दरीवाला, वसई पश्चिम मंडल अध्यक्ष आशीष जोशी, ऋषल म्हात्रे, सुचिता शेट्टी, योगेश भानुशाली, यशोधन ठाकुर, संतोष काकड़, मयंक सेठ, जितेंद्र पांडे, नंदू पवार, प्रवीण गावड़े, मैथ्यू कोलासो एवं पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर