नाजिरा में पिंजरे में कैद हुआ विशाल तेंदुआ, ग्रामीणों में अब भी दहशत
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
शिवसागर (असम), 19 जून (हि.स.)। नाजिरा के गढ़आली क्षेत्र में गुरुवार देर रात वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक विशाल तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिली है, हालांकि क्षेत्र में अन्य तेंदुओं की मौजूदगी की आशंका के चलते ग्रामीणों में अभी भी चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह तेंदुआ पिछले कई दिनों से इलाके में घूम रहा था और पशुधन का लगातार शिकार कर रहा था। तेंदुए के हमलों से ग्रामीणों में भय का वातावरण व्याप्त था, जिसके बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए पिंजरा लगाया था।
वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ देर रात फंस गया। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मी सुबह मौके पर पहुंचे और तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की।
हालांकि, तेंदुए की गिरफ्तारी के बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों और बस्तियों के निकट अभी भी कई अन्य तेंदुओं की मौजूदगी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है।
----------

