धरनी छापर चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान ट्रक से विदेशी शराब बरामद
- DSS Admin
- Jun 30, 2026

सीवान, 30 जून (हि.स.)। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैरवा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। धरनी छापर चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से 527.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 29 जून की रात करीब 9:25 बजे मैरवा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि धरनी छापर चेकपोस्ट के रास्ते एक ट्रक अवैध शराब की खेप लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में ट्रक से 527.4 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान रतन पासवान, पिता स्व. बैजू पासवान, निवासी जगदीशपुर कुसाही, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर तथा संतोष कुमार, पिता महादेव पासवान, निवासी नरायनपुर कुसाही, थाना मोतीपुर, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि इस मामले में मैरवा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
आम लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब, स्मैक, गांजा या अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, निर्माण, बिक्री अथवा सेवन की सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 एवं 9031832789 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------

