कूलर में पानी डालने को लेकर विवाद, विवाहिता ने फांसी लगा की आत्महत्या

हमीरपुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बिवांर थाना क्षेत्र के कुनेहटा गांव में गुरुवार को कूलर में पानी डालने को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्राम कुनेहटा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि गुरुवार को उसकी पत्नी आरती (26) कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान उसने कहा कि बोर्ड में डोरी लगे होने के कारण करंट लग सकता है, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। अशोक के अनुसार उसी समय उनका पांच वर्षीय पुत्र प्रभात समोसा खाने की जिद करने लगा, जिस पर वह बस स्टैंड समोसा लेने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसने देखा कि आरती कमरे में साड़ी के फंदे से लटकी हुई है। शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के चचेरे भाई कालीदीन प्रजापति निवासी सिरौड़ा थाना जसपुरा ने बताया कि उसकी शादी 11 मई को थी, जिसमें आरती शामिल होने मायके आई थी। वह 17 मई को ही ससुराल लौटी थी। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार के लोग स्तब्ध हैं। थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर