स्वच्छ शहर समृ़द्ध शहर में नगर निगम मंडी छठे स्थान पर

मंडी, 24 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम मण्डी के माननीय महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा द्वारा स्वच्छ शहर समृद्ध शहर में प्राप्त स्थान व अंको को लेकर एक समीक्षा बैठक की गई। जिसमें बताया कि नगर निगम मंडी ने इस कार्यक्रम को पूरी तरह संवेदनशील होकर कार्यान्वित करने का प्रयास किया। इसके बावजूद सीटीजन सेवा पंजीकरण की वजह से रैंकिंग प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि दो घटकों में शतप्रतिशत अंक हासिल करने के बावजूद हम प्रदेश के निगम में 6वें और नगर निकायों में 34 वें स्थान तक ही पहुंच पाए। यह अपने आपमें निराशाजन रहा।

उन्होंने बताया कि हमें उम्मीद थी कि हम जिस प्रकार से मेहनत कर रहें हैं, उसकी वजह से प्रथम स्थान भी हासिल कर सकते हैं। जोकि संभव नहीं हो पाया इसके बावजूद हमें खुशी है कि साफ सफाई और जनभागीदारी में हम अव्वल रहे हैं और जो कुछ कमियां हाल ही में रही है, उन्हें दूर करके हम अगले चरण में अपनी मौजूदा रैकिंग में सुधार कर लेगें।

मेयर ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो लोगों के घर-घर जाकर सभी पार्षद सीटिजन पोर्टल पर जनता का पंजीकरण करवाएंगे। महापौर ने आमजनमानस से आग्रह किया कि इस तरह के अभियानों में जनता बढ़चढ़ कर भाग लें तथा सफाई का विशेष ध्यान रखे। उन्होंने कहा कि कूड़ा इधर-उधर न फैंक कर सुखा व गीला कूड़ा अलग-अगल करके सफाई कर्मियों को ही दें। हिमाचल प्रदेश के समस्त नगरों, कस्बों व शहरों को सुदृढ़ व सक्षम बनाने क उद्देश्य से आरंभ किए गए स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर कार्यक्रम में नगर निगम मंडी द्वारा बेहतरीन कार्य करते हुए नगर निगम श्रेणी में छठा स्थान प्राप्त किया है। यह कार्यक्रम 5 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किया किया गया था। जिसका समापन 9 अप्रैल 2025 को हुआ। इस कार्यक्रम में प्रत्येक नगर निकाय के कार्याें का आंकलन किया गया। जिसके आधार पर फिर स्थान आबंटित किए गए।

मुख्य रूप से आकलन तीन कार्याें के आधार पर किया गया। जिसमें स्वच्छ भारत मिशन, समाधान शिवर व सीटीजन सेवा पोर्टल तीनों विषयों में नगर निकायों द्वारा किए गए कार्याें की प्रगति के हिसाब से अंक प्रदान किए गए। जिसमें स्वच्छ भारत भारत मिशन में नगर निगम मंडी ने 34 में से 34 अंक, समाधान शिवरों में 33 में से 28 अंक लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। परंतु सीटीजन सेवा पोर्टल में जनता द्वारा इस्तेमाल की प्रगति में 33 में से मात्र 7 अंक ही हासिल कर पाया। जिसका मुख्य कारण शहर की जनता का इस पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण न करवाया जाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

   

सम्बंधित खबर