अमेठी के विकास को देंगे नई गति, चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का लक्ष्य : प्रभारी मंत्री
- DSS Admin
- Jun 04, 2026

अमेठी, 04 जून (हि.स.)। एकदिवसीय अमेठी दौरे पर पहुंचीं प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने के बाद मीडिया से बातचीत में जनपद के विकास, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि अमेठी एक महत्वपूर्ण जनपद है और यहां कार्य करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी की बात है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे और लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संगठन को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन में सभी लोग आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना के साथ कार्य करें, यही उनकी इच्छा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी प्रकार की कठिनाई या समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण तैयार किया जाएगा।
प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वे इस संकल्प के साथ अमेठी आई हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अधिक से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सरकार की उपलब्धियों के बल पर अमेठी की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा।
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने कहा कि सभी विकास खंडों में मेले एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा, उनका पंजीकरण किया जाएगा और संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। परिवर्तन से नए उत्साह का संचार होता है और विकास को नई दिशा मिलती है। इसी सोच के साथ वे अमेठी के सर्वांगीण विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
---------------

