हांसी की बेटी वसुंधरा ने अंतरराष्ट्रीय ‘माइंड, ब्रेन एंड कॉन्शियसनेस कॉन्फ्रेंस’ में किया प्रतिनिधित्व
- Vijesh Sharma
- Jun 03, 2026

योग-ध्यान से बेहतर होगा युवाओं का मानसिक स्वास्थ्य
: वसुंधरा
हांसी, 03 जून । हांसी की बेटी व युवा
प्रतिभा वसुंधरा ने हिमाचल प्रदेश के मंडी में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘माइंड,
ब्रेन एंड कॉन्शियसनेस कॉन्फ्रेंस’ में भाग लेकर शहर का नाम रोशन
किया है। इस सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, मनोवैज्ञानिकों और
चेतना विज्ञान के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन में मानव मस्तिष्क, चेतना, मानसिक स्वास्थ्य,
भारतीय दर्शन, योग, ध्यान और समग्र स्वास्थ्य जैसे अहम विषयों पर गहन विचार-विमर्श
हुआ। IIT खड़गपुर की शोधकर्ता ऋचा चोपड़ा ने चेतना अध्ययन, न्यूरोसाइंस और भारतीय ज्ञान
परंपरा के समन्वय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और प्राचीन भारतीय
ज्ञान का संगम जीवन की जटिल समस्याओं का समाधान दे सकता है। हांसी निवासी वसुंधरा ने दिल्ली विश्वविद्यालय
से मनोविज्ञान में स्नातक किया है और वर्तमान में मनोविज्ञान में ही स्नातकोत्तर कर
रही हैं। वे आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षित योग शिक्षिका भी हैं। वसुंधरा ने सम्मेलन
के तकनीकी और अकादमिक सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई। सम्मेलन में न्यूरोसाइंस, संज्ञानात्मक विज्ञान,
आयुर्वेद, योग और ध्यान पर कई शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य
सुधारने में ध्यान, योग और भारतीय जीवन मूल्यों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। वसुंधरा ने बुधवार काे बताया कि इस सम्मेलन से मिला अनुभव
और ज्ञान युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास में बहुत उपयोगी रहेगा।
ऐसे मंच युवा शोधकर्ताओं को वैश्विक विशेषज्ञों से सीखने का मौका देते हैं।

