रिवीलगंज स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर पर भड़की विधायक छोटी कुमारी
- DSS Admin
- May 18, 2026


सारण, 18 मई (हि.स.)। छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रिवीलगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर विधायक ने सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने वार्डों, प्रसव कक्ष, जांच व एक्स-रे विभाग का जायजा लिया। वहां चारों तरफ गंदगी का अंबार था और कर्मी लापरवाही बरत रहे थे। सबसे हैरान करने वाला नजारा तब दिखा जब ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मेराज आलम मरीजों की देखभाल करने के बजाय कमरे में गहरी नींद में सोए हुए पाए गए। विधायक ने उन्हें जगाकर कड़ी फटकार लगाई और कहा ड्यूटी सोना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का पहला कर्तव्य मरीजों के प्रति सजग रहना है।
इसके अलावा, नाइट गार्ड और सफाई कर्मी भी बिना निर्धारित वर्दी के अनुचित अवस्था में मिले। विधायक ने मौके से ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार को फोन कर अस्पताल की बदहाली पर जमकर क्लास लगाई और तत्काल सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर भारी खर्च कर रही है, इसके बावजूद गरीबों को सुविधा न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
---------------

