खेत से सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर की चोरी

भागलपुर, 29 जून (हि.स.)। जिले के बायपास थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला एक किसान के खेत से सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर की चोरी का है।

पीड़ित किसान राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात उनके खेत में पटवन के लिए लगाया गया मोटर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। उनके अनुसार मोटर खेत के भीतर करीब 250 फीट की दूरी पर लगा था। चोरों ने मोटर तक पहुंचने के लिए पाइपों को निकालकर क्षतिग्रस्त कर दिया और इसके बाद मोटर लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। राजेश कुमार सिंह का कहना है कि टीम ने उन्हें मामले की सूचना बाईपास थाना को देने की सलाह दी।

उनका आरोप है कि थाना को सूचना दिए जाने के करीब तीन घंटे बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जबकि थाना की दूरी महज दो किलोमीटर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले बैजानी स्थित एक पेट्रोल पंप पर चारपहिया वाहन से पहुंचे चोरों द्वारा एक ट्रक से डीजल चोरी करने का मामला भी सामने आया था।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बावजूद अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में बाईपास थाना अध्यक्ष चनवीर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है, मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर