गुर्जर समाज का बड़ा फैसला: शादी-ब्याह में डोडा, अफीम और शराब पर रोक, नियम तोड़ने पर 2.51 लाख जुर्माना
- DSS Admin
- May 18, 2026
पाली, 18 मई (हि.स.)। राजस्थान के पांच जिलों के गुर्जर समाज ने सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची के खिलाफ ऐतिहासिक और सख्त कदम उठाते हुए सामाजिक समारोहों में डोडा, अफीम और शराब जैसी नशे की वस्तुओं की मनुहार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। समाज ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आयोजन में नशे की सामग्री परोसी गई तो समाजबंधु वहां भोजन नहीं करेंगे और कार्यक्रम का बहिष्कार कर देंगे।
निर्णय के अनुसार नियम उल्लंघन की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी तथा संबंधित व्यक्ति पर 2.51 लाख रुपए का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अलावा विवाह समारोहों को लेकर भी नया नियम लागू किया गया है, जिसके तहत दूल्हे का क्लीन शेव होना अनिवार्य रहेगा। दाढ़ी में विवाह करने की अनुमति नहीं होगी। यह निर्णय 16 मई को पाली जिले के चंडावल के निकट देवडूंगरी स्थित भगवान देवनारायण मंदिर परिसर में आयोजित महापंचायत में लिया गया। महापंचायत का आयोजन भगवान देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवडूंगरी और 11 हथाई गुर्जर समाज मारवाड़ की ओर से किया गया था।
महापंचायत में पाली, जोधपुर, ब्यावर, जालोर और नागौर जिलों के बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। बैठक में लिए गए सभी प्रस्ताव तत्काल प्रभाव से लागू करने की घोषणा की गई। महापंचायत में सामाजिक कुरीतियों, मृत्युभोज और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मृत्युभोज और अन्य आयोजनों में खर्च होने वाली बड़ी राशि को गरीब परिवारों के विवाह और प्रतिभावान जरूरतमंद बच्चों की उच्च शिक्षा पर खर्च किया जाए, जिससे समाज की प्रगति सुनिश्चित हो सके।
भगवान देवनारायण मंदिर ट्रस्ट देवडूंगरी एवं 11 हथाई गुर्जर समाज मारवाड़ के उपाध्यक्ष नारायण फौजी ने कहा कि समाज में लगातार बढ़ रही फिजूलखर्ची को रोकने, सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति दिलाने तथा बालक-बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ये कठोर फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज और प्रत्येक परिवार की प्रगति को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव पारित किया गया है।
महापंचायत में अध्यक्ष राजूराम मिणदार सहित बड़ी संख्या में पंच-पटेल, कार्यकारिणी सदस्य और समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने हाथ उठाकर प्रस्तावों का समर्थन किया।
---------------

