मणिपुर कांग्रेस ने सुरक्षा पर गृह मंत्री शाह के निर्देशों का किया स्वागत, 'देरी' पर उठाए सवाल

इंफाल, 1 मार्च (हि.स.)। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा है कि अब बहुत देर हो चुकी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र सिंह ने मणिपुर में चल रहे संकट को लेकर नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्देशों का स्वागत किया है। मेघचंद्र ने कहा, ‘‘आठ मार्च से राज्य में सभी सड़कों पर लोगों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है और इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एक सकारात्मक कदम है।’’ हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया, ‘‘जब राज्य में भाजपा नीत सरकार सत्ता में थी, तब ऐसे उपाय क्यों नहीं किए गए?’’

भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के कदम का समर्थन करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र सिंह ने कहा, यह मणिपुर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग है। उन्होंने कहा, इसके अलावा, मैं मणिपुर को नशा मुक्त बनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा उठाए गए कदम का भी स्वागत करता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

   

सम्बंधित खबर