मेडागास्कर संसदीय शिष्टमंडल ने देखी संसदीय कार्यवाही, लोकसभा अध्यक्ष किया स्वागत

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में संसदीय शिष्टमंडल भारत दौरे पर है। बुधवार को भारत पहुंचे शिष्टमंडल ने आज लोक सभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही देखी। लोक सभा अध्यक्ष ने सदन के सदस्यों की ओर से शिष्टमंडल का लोक सभा में स्वागत किया।

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि भारत मेडागास्कर को एक विश्वसनीय मित्र और विकास का सहयोगी मानता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) के तहत मेडागास्कर हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने यह भी कहा कि यह साझेदारी पूरे क्षेत्र में क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ाने में सहायक है।

बिरला ने आज संसद भवन परिसर में मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में मेडागास्कर से भारत यात्रा पर आए संसदीय शिष्टमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ये टिप्पणियां कीं। बैठक के दौरान बिरला ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और मेडागास्कर के बीच संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत रहे हैं और दोनों देशों के बीच व्यापार, संस्कृति और आपसी संपर्क का सदियों पुराना इतिहास है।

जस्टिन टोकेली ने मेडागास्कर के शिष्टमंडल को आमंत्रित करने के लिए बिरला को धन्यवाद दिया और भारत की संसद द्वारा गर्मजोशी से किए गए आतिथ्य-सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति और प्रौद्योगिकी में प्रभुत्व की सराहना की। टोकेली ने कहा कि दोनों देशों के कृषि, समुद्री सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में साझा हित हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, संसदीय सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान होता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

   

सम्बंधित खबर