प्रदेश कांग्रेस ने बुलाई मंगलवार काे बैठक

शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक बैठक 22 अप्रैल मंगलवार काे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह करेंगी।

इस बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, कांग्रेस के विधायकगण, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी, प्रदेश कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के राज्य प्रमुख, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष आमंत्रित किए गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में हाल ही में अहमदाबाद में संपन्न अखिल भारतीय कांग्रेस कार्य समिति की बैठक और बेलगाम में आयोजित विस्तारित सीडब्ल्यूसी की बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, बैठक में 'संविधान बचाओ अभियान' की रूपरेखा को अंतिम रूप देने पर विशेष विचार-विमर्श होगा। इस अभियान को प्रभावी ढंग से राज्यभर में लागू करने को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायकों और 2022 विधानसभा चुनावों में पार्टी से प्रत्याशी रहे नेताओं से इस महत्वपूर्ण बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर