गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर जिला मूल्यांकन समिति की बैठक
- DSS Admin
- May 21, 2026
अररिया 21 मई(हि.स.)। जिले से होकर गुजरने वाली प्रस्तावित गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर जिला मूल्यांकन समिति की बैठक गुरुवार को डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में परियोजना से संबंधित भू-अर्जन हेतु भूमि के मूल्य निर्धारण, प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध एवं नियमों के अनुरूप संपन्न की जाए, ताकि प्रभावित रैयतों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि गोरखपुर–सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए अररिया जिले के छह अंचलों यथा- नरपतगंज, फारबिसगंज, कुर्साकांटा, अररिया, सिकटी एवं पलासी के अंतर्गत कुल 47 मौजों में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जानी है।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला अवर निबंधक, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

