जनजातीय मामलों के विभाग को मजबूत करने पर मंत्री ने की सचिव से चर्चा

जम्मू। स्टेट समाचार
जनजातीय मामलों की सचिव अन्वी लवासा ने बुधवार को सिविल सचिवालय में जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा से मुलाकात की। लवासा को हाल ही में जनजातीय मामलों के विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बैठक के दौरान मंत्री और सचिव ने विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की तथा जम्मू-कश्मीर में जनजातीय समुदायों के कल्याण, विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संचालित पहलों की समीक्षा की। जावेद अहमद राणा ने अन्वी लवासा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनका प्रशासनिक अनुभव जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए विभाग के प्रयासों को और मजबूत करेगा।
बाद में मंत्री ने सिविल सचिवालय में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वासन दिया कि सभी उचित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। राणा ने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निवारण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

   

सम्बंधित खबर